हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के टूटीकंडी आईएसबीटी पर स्थित गाड़ी के शोरूम में बुधवार तड़के आग भड़क गई। आग की लपटों से बस अड्डे पर मौजूद यात्री भी सहम गए। अग्निकांड में शोरूम में खड़े तीन नए वाहनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। वहीं, लाखों का स्पेयर पार्ट्स और एलाइनमेंट मशीन जल गई। आग को बुझाने के लिए बालूगंज के अलावा छोटा शिमला और मालरोड अग्निशमन केंद्रों से भी अग्निशमन की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। बालूगंज पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। दमकल के चार वाहनों को आग पर काबू करने में लगभग तीन घंटे लग गए। बालूगंज फायर स्टेशन के प्रभारी गोपाल दास और फायर अफसर भगत राम ठाकुर की अगुवाई में दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया। इस दौरान दो करोड़ की संपत्ति को जलने से बचाया गया। गोपाल दास ने बताया कि तड़के 4 बजकर 21 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। फायर कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू पाकर बड़ा नुकसान होने से बचाया गया। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये का सामान जलकर राख हुआ है। वहीं दो करोड़ की संपत्ति को नष्ट होने से बचाया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के झुलसने की रिपोर्ट नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं बालूगंज पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों को खंगाला जा रहा है।