उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक गेम जोन में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना सुखेर स्थित नवरत्न कॉम्प्लेक्स में बने ट्रेम्पोलिन पार्क ‘स्काई विले’ की है। आग लगने से गेम जोन में मौजूद प्लास्टिक सामग्री, फोम के गद्दे और बच्चों के खेलने के उपकरण जलकर खाक हो गए।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उससे उठता काला और प्लास्टिक का जहरीला धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल गया। इस हादसे में संचालक को करीब 25 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के निर्देश पर फायर ऑफिसर नवदीप बग्गा के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट में फैले गेम जोन में आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 5 गाड़ियों को लगाया गया।
ये भी पढ़ें: Kota News: रामगंज मंडी में राम कथा करने पहुंचे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, एक झलक देखने के लिए बेकाबू हुई भीड़
दमकलकर्मियों को आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पानी के कई फेरे लगाने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। आग के कारण उठे धुएं से आसपास के लोगों को कुछ समय तक सांस लेने में परेशानी भी हुई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गेम जोन में अधिकांश सामग्री प्लास्टिक और सिंथेटिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि आग के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा है।