आबूरोड शहर पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड पर तैनात कांस्टेबल पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। दीपावली के दिन यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने और उत्पात मचाने के दौरान कांस्टेबल ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो नाराज आरोपियों ने उस पर छूरी से हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आबूरोड सदर पुलिस थानाधिकारी हरचंद देवासी ने बताया कि इस मामले में पाटन, मालाफली, डेरी, थाना रीको, आबूरोड जिला सिरोही निवासी भगा पुत्र भूरा गरासिया, अना पुत्र भूरा गरासिया, गोवा पुत्र सोपा गरासिया एवं थोबरी फली, सियावा थाना आबूरोड निवासी सोमा पुत्र डुगरा गरासिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तीन धारदार छूरियां भी बरामद की गई हैं। कार्रवाई में आबूरोड शहर थाना के उपनिरीक्षक भगवानाराम, सहायक उपनिरीक्षक श्रवणसिंह, कांस्टेबल कालूराम, मालाराम, ओमप्रकाश और धरमाराम शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार मामले की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशानुसार आबूरोड शहर थाना की टीम ने राजकार्य में बाधा डालने और हत्या के प्रयास करने वाले चारों आरोपियों को मात्र एक घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
आबूरोड शहर थाना के कांस्टेबल ओमप्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 20 अक्टूबर 2025 को सहायक उपनिरीक्षक श्रवणसिंह के नेतृत्व में वह आबूरोड रोडवेज बस स्टैंड पर वाहन संख्या 112 के नीचे उतरकर यातायात व्यवस्थित कर रहे थे और उत्पात मचाने वाले लोगों को समझाकर घरों की ओर भेज रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां राजकार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। जब उन्हें टोका गया, तो नाराज होकर आरोपियों ने कांस्टेबल पर छूरी से हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल के पीठ और हाथ पर धारदार चाकू से चोट लगी और वर्दी का शर्ट भी फट गया। घटना के बाद आबूरोड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।