सिरोही जिले में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों में माउंटआबू में सबसे ज्यादा 75 मिमी और सिरोही में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि इस दौरान आबूरोड पूरी तरह सूखा रहा। मंगलवार को आबूरोड में भी दिनभर कभी तेज एवं कभी धीमे बारिश का दौर चलता रहा।
सिरोही जिले में लगातार हो रही बारिश के दौरान रेवदर में 45 मिमी पिंडवाड़ा में 37 मिमी और शिवगंज में 32.5 मिमी बारिश हुई। इस बारिश से नदियों प्राकृतिक बहाव के नालों, एनीकटों एवं बांधों में भी पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। रातभर में हिल स्टेशन माउंट आबू में सबसे ज्यादा बारिश होने से सभी नाले पूरे उफान पर बह रहे हैं। झरनों में पानी का वेग बढ़ गया है। इससे देलवाड़ा मार्ग बंद हो गया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लाइनें लग गई। इस दौरान पर्यटक पानी के बहाव के कम होने एवं मार्ग चालू होने का इंतजार करते नजर आए। कभी तेज एवं कभी धीमे बारिश से साथ धुंध के वातावरण के चलते यहां का मौसम खुशनुमा हो गया है। इसके साथ ही लगातार पड़ रही तेज गर्मी एवं उमस के बाद सोमवार रात से आबूरोड शहर में भी मंगलवार को रूक रूक कर बारिश होती रही। इससे शहरवासियों को गर्मी से हल्की सी राहत मिली है। बाजार में जगह जगह गर्मागर्म नाश्ता सेंटरों पर लोग ग्राहकी बढ़ गई है। मक्के के भुट्टे भी आमजन के आकर्षण का केंद्र बने है।