आबूरोड रीको पुलिस ने ट्रक में चूने के कट्टों की आड़ में गुजरात ले जाए जा रहे पंजाब और राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 202 कार्टन जब्त कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीते तीन दिन में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की ये दूसरी बड़ी कारवाई है। इससे पूर्व 17 अगस्त को भी पुलिस द्वारा 20 लाख रुपये की शराब पकड़ी गई थी।
आबूरोड रीको पुलिस थानाधिकारी सीताराम की अगुवाई में मावल चौकी प्रभारी पूराराम, हेडकांस्टेबल किशनलाल, आबूरोड रीको पुलिस थाना के प्रकाश, प्रवीण सिंह, मालदेव, गोपाल, शंकरालाल एवं चालक नंद सिंह की टीम द्वारा सीमावर्ती मावल चौकी पर नाकाबंदी की गई थी। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आबूरोड से गुजरात की ओर जा रहे आयशर ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें चूने के कट्टों की आड़ में छिपाकर ले जाए जा रहे राजस्थान एवं पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 202 कार्टन पाए गए।
कार्रवाई के बाद शराब और ट्रक को जब्त कर जेतियावास, पुलिस थाना खेडापा, जिला जोधपुर निवासी जेठाराम पुत्र कालूराम जाट एवं लवेराकला, पुलिस थाना खेडापा, जिला जोधपुर निवासी भंवरलाल पुत्र मोहनराम मेघवाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान अब तक आई जानकारी के अनुसार नागौर के पास देतरा खुर्द से यह शराब भरी गई थी। इसे गुजरात मे सप्लाई की जानी थी। पुलिसकर्मियों की पैनी निगाह के चलते आरोपी गुजरात सीमा में प्रवेश करने से पूर्व ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।