फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरोही: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम भजनलाल शर्मा कल पहुंचेंगे शांतिवन, प्रशासन अलर्ट

Sun, 25 Oct 2026 10:04 PM IST
सिरोही ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही

राजस्थान के सिरोही जिले में सोमवार, 26 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दौरा प्रस्तावित है। दोनों नेता आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन के समापन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में दुनियाभर से 6 हजार से अधिक विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। वीआईपी दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय है। कलेक्टर और एसपी ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

सुबह 9:10 बजे मानपुर एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे दोनों नेता
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 9:10 बजे विशेष विमान से मानपुर एयरस्ट्रिप पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 9:30 बजे आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन पहुंचने का कार्यक्रम है।

यहां सुबह 10 से 11 बजे तक वैश्विक शिखर सम्मेलन का समापन समारोह आयोजित होगा। दोनों नेताओं की सहभागिता को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

ब्रह्माकुमारीज के 90 साल की आध्यात्मिक यात्रा का उत्सव
ब्रह्माकुमारीज संस्थान की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव के तहत वैश्विक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें विश्वभर से 6 हजार से अधिक विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

सम्मेलन के समापन समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। प्रशासन और संस्थान के पदाधिकारी कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

मानपुर तिराहे से शांतिवन तक सड़क की सफाई और सौंदर्यीकरण
वीआईपी दौरे से पहले मानपुर तिराहे से ब्रह्माकुमारीज के शांतिवन तक सड़क की सफाई और सौंदर्यीकरण का काम कराया गया। सड़क के दोनों ओर उगी घास और झाड़ियों को जेसीबी की सहायता से हटवाया गया। इसके साथ ही मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया और सड़क पर सफेद पट्टियां बनाने का काम भी कराया गया।

दौरे के मद्देनजर मार्ग को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि नेताओं के आगमन और कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

कलेक्टर और एसपी ने शांतिवन पहुंचकर लिया जायजा
सिरोही जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और पुलिस अधीक्षक अजयसिंह राठौड़ ने शांतिवन पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारीज की ओर से अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय भाई और जनसंपर्क अधिकारी कोमल भाई ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों तथा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सम्मेलन के समापन और दोनों नेताओं के दौरे को लेकर प्रशासन तथा आयोजन समिति तैयारियों में जुटी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें