शेखावाटी में सोमवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे दर्ज किया गया। वहीं आज वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से अचानक मौसम में बड़ा बदलाव आया है। शेखावाटी में आज सुबह सावन के मौसम की तरह आसमान में बादल छाए हुए हैं। एक ही दिन में यहां पर न्यूनतम तापमान में करीब 10 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से लोगों को तेज सर्दी का अहसास हो रहा है।
दरअसल प्रदेश के मौसम में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हुआ है। इसकी वजह से शेखावाटी के मौसम में बदलाव आया है। आज शेखावाटी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मध्यम से तेज बारिश होने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Weather Update: फिर बदलेगा मौसम; जयपुर समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 12 जिलों में यलो अलर्ट
कल 28 जनवरी को बारिश का दौर तो थम जाएगा, लेकिन एक बार फिर शेखावाटी और प्रदेश के ज्यादातर इलाके घने कोहरे की चपेट में रहेंगे। करीब 2 से 3 दिन तक शेखावाटी और प्रदेश के अन्य इलाकों में कोहरा रह सकता है। इस दौरान तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है।
वहीं फरवरी महीने की शुरुआत में एक बार फिर शेखावाटी में बारिश का दौर शुरू हो सकता है। क्योंकि 31 जनवरी से 1 फरवरी के बीच प्रदेश के मौसम में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। ऐसे में 31 जनवरी और 1 फरवरी को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।