राजसमंद में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े 5 बदमाशों ने ग्राम पंचायत प्रशासक के भाई पर लाठी और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना नाथद्वारा के लालबाग स्थित शॉपिंग मॉल के बाहर करीब साढ़े 3 बजे हुई। हमलावरों ने बीच सड़क युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घायल को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में उदयपुर रैफर कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक मुकेश गायरी पुत्र देवीलाल गायरी पर हमला करते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआई मोहन सिंह और डीएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: Jodhpur News: आवारा कुत्तों व निराश्रित पशुओं पर हाईकोर्ट सख्त, एजेंसियों को दिए कड़े निर्देश
थानाप्रभारी मोहन सिंह के अनुसार घायल मुकेश गायरी ग्राम पंचायत गुंजोल के प्रशासक किशन गायरी का भाई है। वारदात में शामिल आरोपी और पीड़ित दोनों गायरी समाज से हैं। पीड़ित पक्ष ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस का कहना है कि सोमवार रात एक बर्थडे पार्टी में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट पहले ही नाथद्वारा थाने में दर्ज है। उसी रंजिश के चलते मंगलवार को ये हमला किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजपुरा 007 गैंग से जुड़े हैं, जो पहले भी अवैध गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।