जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में पहुंचे राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने एक बार फिर से अपनी ही कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। सचिन पायलट ने कहा कि जब हम राजस्थान में सरकार में नहीं थे, तो भाजपा सरकार एक भ्रष्ट सरकार थी। हमारी बात पर लोगों ने विश्वास किया था। हमने तथ्यों के साथ बड़े आरोप लगाए और हम दिल्ली तक गए थे। खान घोटाला, कालीन घोटाला, 90 बी घोटाला, ललित मोदी के साथ बहुत सारे स्कैंडल सामने आए थे। तब हमने उसको एक्सपोज किया था। मैं उम्मीद कर रहा था कि प्रदेश में अब हमारी कांग्रेस सरकार है, तो इन बीते सालों में हम कुछ ठोस कार्रवाई करते। पायलट ने कहा कि हमें किसी से बदला नहीं लेना है, लेकिन जो प्रमाणित घोटाले थे, उन पर तो एक्शन करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की होती तो बेहतर होता। अभी भी साल भर का समय है। मुझे लगता है उचित कार्रवाई होगी और जो भ्रष्टाचार में लिप्त रहे, जिन पर हमने सामूहिक रूप से आरोप लगाए, उन पर कार्रवाई करने का वक्त अब आ गया है।