राजस्थान वित्त आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर अरुण चतुर्वेदी बुधवार को एक दिवसीय कोटा दौरे पर रहे। कोटा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता नेताओं की तरफ से डॉक्टर चतुर्वेदी का जोरदार स्वागत किया गया। वहीं, सर्किट हाउस में मीडिया से भी डॉक्टर चतुर्वेदी ने बातचीत की और कहा कि जर्जर हालत और झालावाड़ स्कूल हादसे से पूरा प्रदेश चिंतित है। राजस्थान बड़ा प्रदेश है और शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने में हम सभी का योगदान होना जरूरी है। एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना बीते दिनों झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव में हुई है। शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान को विकसित करने के लिए हम सभी लगातार प्रयास रखें।
अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जो भ्रष्टाचार हुआ है उनको हम उजागर करेंगे। गहलोत ने कहा है कि वर्तमान सरकार प्रदेश में कुछ काम नहीं कर रही है। हम उनको कहना चाहते हैं कि सभी काम हो रहे हैं। गहलोत भजनलाल को माला पहनने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने बिल्डिंगों की जर्जर हालातों पर कहा कि ऐसे भवनों को चिह्नित कर जीर्णोद्धार का काम किया जा रहा है। कुछ सुझाव भी सरकार के पास आए हैं उन पर काम चल रहा है। लॉन्ग टर्म प्लानिंग के हिसाब से क्या और बेहतर हो सकता है वह देखा जा रहा है। हम आयोग की तरफ से भी सरकार को सुझाव दे रहे हैं।
डॉ. चतुर्वेदी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुआ कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो पांच साल सिर्फ निराशा हाथ लगी। कानून व्यवस्था पूरी तरह से जर्जर हो गई है। परीक्षार्थियों के अंदर परीक्षाओं को लेकर डर का माहौल बन गया था। यहां तक की यमुना जल समझौता 50 साल से कांग्रेस अटकाती रही। प्रदेश में बिजली कटौती से भी लोग परेशान होते रहे।