जोधपुर शहर में ठगी का एक नया रूप सामने आया है, जिसमें कथित बाबा बनकर घूम रहे ठग भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनकी कीमती चीजें हड़प रहे हैं। पावटा क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां दो नकली बाबाओं ने सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन और ढाई हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने अपनी पहचान बाबा के रूप में दी और ठगी के बाद एक फर्जी मोबाइल नंबर थमा कर फरार हो गए।
बाबा बनकर आए, बातों में उलझाया और सब कुछ ले उड़े
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार दोपहर की है जब लोहार कॉलोनी, पावटा निवासी विष्णु पुत्र मंगलाराम अपने एक दोस्त के साथ पान की दुकान पर बैठा था। तभी एक कार में सवार दो बाबा वहां पहुंचे और दोनों युवकों को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लिया। एक बाबा ने विष्णु के दोस्त की चेन उतरवाई और सात बार सिर से घुमाकर उसे एक रूद्राक्ष दे दिया। इसके बाद दोनों युवकों को यह विश्वास दिलाया गया कि उनके सभी कष्ट दूर हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Chittorgarh News: महाराष्ट्र से चोरी कर दिल्ली ले जाई जा रही थी BSNL की 4.6 टन केबल, तीन आरोपी गिरफ्तार
सोने की अंगूठी, मोबाइल और नकदी ले गए ठग
बाबाओं की बातों में आकर विष्णु और उसका दोस्त इतना बहक गए कि उन्हें होश ही नहीं रहा कि उनके पास से क्या-क्या निकलवाया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, बाबाओं ने विष्णु की सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकदी अपने पास रखवा लिए और फिर कार में बैठकर मौके से निकल गए। जाते-जाते उन्होंने एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि किसी भी समस्या को लेकर संपर्क करना।
ठगी का एहसास हुआ तो थाने पहुंचे पीड़ित
कुछ देर बाद जब दोनों युवकों को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत महामंदिर थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने विष्णु की शिकायती रिपोर्ट के आधार पर दो अज्ञात बाबाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ठगों की कार की पहचान की जा रही है और दिए गए मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bhilwara News: ‘हक नहीं तो वोट नहीं, डीएनटी समाज का भीलवाड़ा से राज्य सरकार को खुला अल्टीमेटम; जानें मामला