साधुवाली में आयोजित भव्य गंगनहर शताब्दी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला और विश्वास जताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार शेखावाटी तक यमुना का पानी पहुंचाने के अपने संकल्प पर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा चिंता न करें, क्योंकि सरकार न केवल शेखावाटी के लिए यमुना का पानी लेकर आएगी, बल्कि जनता की प्यास बुझाने के अपने वादे पर पूरा खरा उतरेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ईआरसीपी मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी मित्र बताए जाने वाले कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए ईआरसीपी समझौते से साफ मना कर दिया और इसके खिलाफ कोर्ट तक चले गए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के हित की बात आई, तब कांग्रेस नेताओं ने दोस्ती से ज्यादा राजनीति को प्राथमिकता दी।
इसके विपरीत मध्यप्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सच्ची मित्रता निभाई और मेरे अनुरोध पर तुरंत ईआरसीपी समझौते पर सहमति दी। आज इसकी डीपीआर बन चुकी है और शिलान्यास भी हो चुका है। यही असली मित्रता है, जो प्रदेश के हित में कदम बढ़ाती है।
ये भी पढ़ें: Indresh Wedding: जयपुर पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, बोले- हम देशद्रोही नहीं; जहां बुलाएंगे, गीता पाठ करेंगे
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के भीतर जारी खींचतान पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की आपसी दोस्ती केवल दिखावा है। नेता प्रतिपक्ष अपनी कुर्सी जाने के डर से बयानबाजी कर रहे हैं और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिपक्ष के नेता बनने की जुगत में लगे हैं। उधर गहलोत साहब दोनों को साधने की कोशिश में पहले एक नेता को किनारे लगा चुके हैं और अब दूसरे को निपटाने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में आपसी विश्वास की कमी साफ दिख रही है और जनता भी इन अंदरूनी संघर्षों से अवगत है।
उन्होंने समारोह में जनता को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार जल संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और शेखावाटी सहित पूरे प्रदेश में जल संकट दूर करने हेतु ठोस कदम निरंतर जारी हैं।