शहर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गंगापोल इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक हिस्ट्रीशीटर ने युवक पर गोली चला दी। घटना में बबलू महावर (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। गोली बबलू की जांघ में लगी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। उस समय बबलू अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा (25) अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचा। उसने पहले बबलू के चचेरे भाई अजय को निशाना बनाकर गोली चलाई। अजय ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचा लिया लेकिन गोली बबलू को जा लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग ब्रह्मपुरी थाने पहुंच गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रवि मेहरा करीब 15 दिन पहले भी इलाके में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाकर गया था। उस समय थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसका नतीजा यह गंभीर वारदात है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: हाईवे किनारे शराब दुकानों को हटाने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम रोक
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर रवि मेहरा इस घटना का आरोपी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रवि मेहरा पर ब्रह्मपुरी थाने में 15 और सुभाष चौक थाने में 11 मुकदमे दर्ज हैं। कुल मिलाकर उसके खिलाफ 26 आपराधिक मामले हैं। गंगापोल की इस घटना के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस वारदात ने पीड़ित परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है। बबलू की बहन की 6 फरवरी को शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, दीवारों पर पेंटिंग का काम हो रहा था लेकिन इस घटना के बाद पूरे परिवार में चिंता और मातम का माहौल है।