दौसा में शनिवार को नए कानून के संबंध में बेहतर जानकारी एवं कानून की उपयोगिता के बारे में पुलिस की पाठशाला का आयोजन हुआ। इस दौरान पुलिस वालों को नए कानून की बारीकियां सिखाई गईं, पुलिस को कोर्ट तक मामले को मजबूती से पेश करने में आसानी हो।
दरअसल बीते कुछ महीने पहले देशभर में नए कानून को लागू किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कानून की बारीकियां पुलिस वालों के लिए माथापच्ची बनी हुई हैं। इसकी बेहतर उपयोगिता के लिए शनिवार को दौसा में राजस्थान पुलिस के SI से लेकर पुलिस एसपी तक ने नए कानून की बारीकियां सीखीं।
नए कानून को आईपीसी की जगह लाया गया है, क्योंकि आईपीसी अंग्रेजों के जमाने से चला आ रहा कानून है। इसके चलते यह कानून पुलिस वालों की रग रग में बस चुका था। अभी तक पुलिस को भी नए कानून की धाराएं याद नहीं हो पाई हैं। अभी तक कानून को पढ़कर धारा लगानी पड़ती है। इसी के चलते आज दौसा के पंडित नवल किशोर शर्मा मेडिकल कॉलेज में पुलिस को नए कानून की जानकारी के लिए जयपुर से विशेषज्ञों को बुलवाया गया। उनकी उपस्थिति में नए कानून के बारे में बारीकी से बताया गया।
दौसा जिला पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने कहा कि नए कानून की जानकारी दुरुस्त करने के साथ-साथ साइबर एक्सपर्ट से भी पुलिस वालों को ठगी के नई-नई बारीकियां बताई गईं। साथ ही पॉक्सो एक्ट का अध्ययन और बारीकियां भी सिखाई गईं। दौसा एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि नए कानून की प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी रखा गया। इसका फायदा पुलिस को मिलेगा। कोर्ट में जब कोई मामला जाएगा तो पुलिस पूरी तरह मजबूती से कोर्ट में पेश कर पाएगी।