दौसा के बांदीकुई रेलवे स्टेशन से सामान्य टिकट लेकर एसी कोच में बैठे एमएलए के बेटे ने रिजर्व सीट पर से उठने से मना कर दिया और यात्री के साथ हाथापाई की। मौके पर पहुंचे टीटी को भी एमएलए के बेटे ने धौंस दिखाते हुए बदतमीजी की। इस पर टीटी ने चालान काटते हुए विधायक पुत्र और उसके एक दोस्त को जयपुर में गांधीनगर स्टेशन पर आरपीएफ को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि आरपीएफ ने दोनों को कुछ देर वहां बैठाने के बाद छोड़ दिया।
बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा के बेटे ने अपने विधायक पुत्र होने का पूरा फायदा उठाते हुए सामान्य टिकट से एसी कोच में बैठकर यात्रा करना चाही थी लेकिन जिस सीट पर पुत्र महोदय विराजमान थे, उस सीट पर रिजर्वेशन वाले यात्री ने उसे उठने के लिए कहा और मामला उलझ गया। विधायक पुत्र ने न केवल उस यात्री के साथ हाथापाई की बल्कि मामला निपटाने पहुंचे टीटी को भी विधायक का बेटा होने की धौंस दिखाई। इस पर टीटी ने दोनों लड़कों का चालान काटकर गांधीनगर स्टेशन पर उन्हें आरपीएफ के हवाले कर दिया।
चार दिन पहले हुए इस मामले में बताया जा रहा है कि आरपीएफ ने दोनों युवकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इधर मामले में पीड़ित यात्री पत्नी ने भी जयपुर जीआरपी के नाम शिकायत दर्ज कराई है।