दौसा पुलिस ने 5 माह से फरार चल रहे गौतस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रंजिता शर्मा ने बताया कि लवाण थानाधिकारी सुनील टांक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने फरार गौतस्कर को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार 6 अगस्त को सुबह करीब 3 बजे कंट्रोल रूम दौसा से वायरलेस पर सूचना मिली थी कि एक बोलेरो गाड़ी, जिस पर एंबुलेंस लिखा हुआ है और कोई नंबर प्लेट नहीं है। संदिग्ध रूप से ढिंगारिया से पीछा कर रही पीटर वाहन को चकमा देकर लापता हो गई। तत्कालीन थानाधिकारी गोपाल लाल शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए अपनी टीम के साथ आईटीआई कॉलेज से मटवास की लिंक रोड पर पहुंचकर एक सुनसान जगह पर खड़ी बोलेरो गाड़ी (एंबुलेंस) को बरामद किया।
गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके अंदर एक गाय मिली, जिसे बेरहमी से मुंह और पैर बांधकर रखा गया था। इसके अलावा, कंडक्टर सीट पर एक देसी कट्टा और उसी सीट के नीचे एक नीली बत्ती मिली। गाड़ी के पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं थी, लेकिन आगे RJ 05 UA 4565 लिखा हुआ था।
गौवंश को तुरंत इलाज के बाद दौसा की गौशाला भेज दिया गया। गाड़ी और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने साइबर सेल और डीएसटी टीम की मदद से 63 वर्षीय गौतस्कर इरफान पुत्र अब्दुल हमीद कुरैशी को नहेदा थाना बिछोर जिला नूंह (हरियाणा) से गिरफ्तार किया।