फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhilwara News: फुलियाकला में जली हुई बोलेरो मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

Tue, 11 Mar 2025 11:54 AM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

जिले के फुलियाकला थाना क्षेत्र के खेड़ा हेतम गांव में मंगलवार को अलसुबह यहां से गुजरने वाली नदी में एक जली हुई बोलेरो गाड़ी एम पी 44 सीए 2961 के मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। सूचना मिलते ही फुलियाकला थाना प्रभारी माया बैरवा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। आखिर यह बोलेरो यहां कैसे आई? इसे किसने और क्यों जलाया? क्या इसके पीछे किसी अपराध को छिपाने की साजिश है? इन सवालों ने ग्रामीणों को बेचैन कर दिया है।
खेड़ा हेतम निवासी जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि परमेश्वरलाल गुर्जर ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह ने इस बोलेरो को यहां लाकर जलाया है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। 

कुछ ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी आपराधिक गिरोह या तस्करों की करतूत हो सकती है, जबकि कुछ इसे बजरी माफिया से जोड़कर देख रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि गाड़ी को जलाने के पीछे किसी बड़े अपराध को छिपाने का प्रयास किया गया है।

फुलियाकला थाना प्रभारी माया बैरवा ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह बोलेरो किसकी थी और इसे जलाने का मकसद क्या था? कहीं यह घटना नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हुई तो नहीं है? या फिर इसे किसी अपराध को छिपाने के लिए जलाया गया? कहीं यह किसी बजरी माफिया का मामला तो नहीं है?

फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है। इस पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बोलेरो के मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें