शहर में सोमवार को जमीनी विवाद के चलते घायल हुए वकील अरविंद बघेलवाल एवं उनके परिजनों पर हुए हमले के विरोध में आज बारां अभिभाषक परिषद के आह्वान पर बारां जिले के सभी न्यायालयों में वकीलों ने कार्य का बहिष्कार किया।
अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य स्थगित कर जिला न्यायालय परिसर के बाहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित वकील न्यायालय परिसर से बाहर निकलकर कोटा रोड पर पहुंचे, जहां उन्होंने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: वोटर लिस्ट से नाम काटने का विवाद थाने पहुंचा, पूर्व पार्षद ने दर्ज करवाई शिकायत
करीब आधे घंटे तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंचे डीएसपी और सीआई ने वकीलों से समझाइश कर सड़क जाम खुलवाया।
वकीलों की मांग है कि अधिवक्ता अरविंद बघेलवाल पर हमला करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। साथ ही पीड़ित पक्ष पर लगाए गए कथित झूठे प्रकरणों एवं धाराओं को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।