फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banswara: ड्रग्स की तस्करी और अवैध वसूली करने वाली तीन बहनों की संपत्ति कुर्क, गरीबों को बनाती थीं शिकार

Thu, 12 Mar 2026 03:46 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा

उदयपुर पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बांसवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाली तीन सगी बहनों की करीब 35 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया है।

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी और बांसवाड़ा डिप्टी गोपीचंद मीणा के पर्यवेक्षण में पुलिस ने इंदिरा कॉलोनी निवासी अंजुम पत्नी समीर खान, जीनत खान पुत्री सलीम अहमद और कायनात पुत्री सलीम अहमद के खिलाफ यह कार्रवाई की। तीनों आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्तियों की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन किया गया था।

कोर्ट ने दिया था संपत्ति कुर्क करने का आदेश
न्यायालय ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को स्वीकार करते हुए संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए। इसके बाद तहसीलदार जसकरण हुवोर, राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा, गिरदावर रितेश श्रीमाल, पटवारी जगदीशचंद्र और पुलिस टीम ने इंदिरा कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए अंजुम के दो आवासीय भूखंड, जीनत खान की एक स्कूटी और कायनात की एक स्कूटी को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई संपत्तियों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है।

कई मुकदमे हैं दर्ज
एसपी जोशी ने बताया कि तीनों बहनें आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। अंजुम के खिलाफ दो, जीनत के खिलाफ छह और कायनात के खिलाफ सात प्रकरण दर्ज हैं। तीनों पर ब्राउन शुगर, एमडीएम और स्मैक जैसे मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त होने के आरोप हैं।

कर्ज देकर हड़प लेती थीं संपत्ति
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ब्याज पर कर्ज देती थीं और बदले में उनके मकान के दस्तावेज, ब्लैंक चेक और स्टांप पेपर अपने कब्जे में ले लेती थीं। बाद में कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर गहने, मकान, दुकान और जमीन तक हड़प लेना इनका तरीका था।

ये भी पढ़ें: नियमों की अनदेखी कर खुलेआम जरीकेन में बेचा जा रहा पेट्रोल, प्रशासन के निर्देशों पर उठे सवाल

हेल्पलाइन पर दें सूचना
एसपी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस ने विशेष हेल्पलाइन जारी की है। कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर 8764858986 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें