अलवर में सरे बाजार फायरिंग का मामला सामने आया। फायरिंग में एक युवक जख्मी भी हो गया। मामला अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में अग्रसेन सर्किल के पास सिटी हॉस्पिटल के सामने रात नौ बजे का है। जानकारी के अनुसार अपनी मामी के साथ बाजार में शॉपिंग करने आई युवती से तीन युवकों ने बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद राहगीरों ने उसे बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायर कर दिया और भाग निकले। फायरिंग में एक राहगीर को छर्रे लग गए। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ ही मिनट बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
NEB थाना एसएचओ दिनेश चंद ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों से मामले की जानकारी ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों को पकड़ा जा सके।
मामी के साथ बाजार आई थी युवती
अलवर के दया नगर निवासी युवती दीपांशी छाबड़ा ने बताया कि वह अपनी मामी के साथ बाजार आई थी। इस दौरान शॉपिंग कर बाजार से लौट रहे थे। तब सिटी हॉस्पिटल के पास उनका बैग गिर गया था। जैसे ही बैग उठाने के लिए मामी आई तो बाइक पर आए तीन लड़कों ने पिस्तौल दिखाकर बैग लूटने की कोशिश की। तभी आसपास मौजूद दो युवक हमें बचाने दौड़े। यह देखकर युवक फायरिंग कर भाग गए। इसके बाद काफी लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई थी।
पीछे दौड़े तो फायर किया
प्रत्यक्षदर्शी लल्लू खान और सकून मास्टर ने बताया कि तीन युवक बाइक पर आए थे। जिन्होंने महिलाओं को कट्टा दिखा बैग ले जाने की कोशिश की। छीनाझपटी कर रहे थे। हम उस ओर दौड़े लेकिन, युवक फायरिंग कर भाग निकले। इसी दौरान छर्रे मुझे भी लग गए।