जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बावड़ी मोड़ के पास आज सवेरे एक दुखद हादसा हुआ, जब राजस्थान पुलिस के एक इंस्पेक्टर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए फतेह सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार फतेह सिंह जयपुर मुख्यालय में तैनात थे और छुट्टी पर अपने घर माजरा मुंडावर आए हुए थे। छुट्टी की अवधि पूरी होने के बाद वह आज सुबह अपनी ड्यूटी पर वापस जयपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पहले मालाखेड़ा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलवर जिला अस्पताल रैफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के दोस्त नरेश कुमार ने बताया कि फतेह सिंह की एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। वह तीन भाई थे, जिनमें से एक सीआईएसएफ में इंस्पेक्टर है और दूसरा समाजसेवी है। पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के समय अंधेरा होने के कारण किसी ने भी वाहन के नंबर प्लेट की पहचान नहीं की। वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।