पंजाब में महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बरनाला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस की महिलाओं ने पहले कचहरी चौक पर आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर के घर के बाहर पहुंचकर हल्ला-बोल प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बरनाला से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों भी अपनी पार्टी की स्थानीय लीडरशिप और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पंजाब सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने 18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने का वादा किया था। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार ने चार साल बाद इस योजना की घोषणा तो की, लेकिन उसमें कई शर्तें जोड़ दी गईं। उनके अनुसार जो महिलाएं नौकरी करती हैं, टैक्स भरती हैं या जिन्हें सरकारी पेंशन मिलती है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा, जो महिलाओं के साथ सरासर धोखा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं किसी न किसी रूप में काम करती हैं, ऐसे में सरकार आखिर यह राशि किसे देगी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की कि सरकार अपने वादे के अनुसार सभी महिलाओं को बिना किसी शर्त के हर महीने एक हजार रुपये दे। साथ ही चार साल की बकाया राशि के रूप में 48 हजार रुपये भी महिलाओं को दिए जाएं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया तो आने वाले समय में इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाएं इस मुद्दे को लेकर नाराज हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को इसका जवाब देंगी।