मोगा में आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की रैली आयोजित की गई। इस रैली के दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछने के इरादे से पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, पहले किसान मोगा के गांव दुनेके में एक गुरुद्वारे के पास इकट्ठा हुए थे। इसके बाद पुलिस ने सभी किसानों को एक श्मशान घाट में 4 घंटे नजरबंद कर कर रहे थे । हालांकि, बाद में कुछ किसान पुलिस को चकमा देकर मोगा की नई दाना मंडी स्थित रैली स्थल तक पहुंच गए। रैली स्थल पर पहुंचते ही पुलिस ने किसानों को हिरासत में लेकर गाड़ियों में बैठाकर थाने ले जाया गया। इस दौरान किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।किसान नेताओं ने कहा कि पहले नेताओं द्वारा लोगों को सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था, लेकिन अब वही नेता सवालों से बच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के साथ अन्याय और दमन किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से पंजाब में बढ़ते नशे, कथित फर्जी एनकाउंटर, खनौरी धरने से किसानों को हटाने और ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगना चाहते थे, लेकिन उन्हें पहले ही रोक दिया गया। नेताओं ने चेतावनी दी कि किसान अब चुप नहीं बैठेंगे और 2027 के चुनाव तक हर गांव और इलाके में सरकार के मंत्रियों और विधायकों का विरोध किया जाएगा।