कपूरथला पुलिस ने भुलत्थ में लुटेरा गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस लाइन कपूरथला में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी गौरव तूरा ने पुलिस की पीठ थपथपाते हुए खुलासा किया कि 40 वर्षीय तजिंदरजीत उर्फ हैप्पी निवासी कूदोवाल, 22 वर्षीय संजीव उर्फ बॉबी निवासी रंजव और 36 वर्षीय दर्शन सिंह उर्फ निक्का निवासी कुराला सभी करतारपुर जिला जालंधर देहाती की गिरफ्तारी से लूट की चार वारदातें सुलझी हैं। इनके चौथे साथी बलवीर उर्फ बुद्धु की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इनसे भुलत्थ पुलिस ने एक खिलौना पिस्तौल, एक बिना नंबरी बाइक, एक पेचकस, एक चाकू और 8200 रुपये कैश बरामद किया है। तीनों गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी ह़ै। हैप्पी पर जिला कपूरथला के विभिन्न थानों मे 11, बॉबी पर दो और निक्का पर तीन केस पहले से दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि कुछ मामलों पर ये जेल से जमानत पर हैं। इनकी जमानत रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस मौके एसपी-डी सरबजीत राय, डीएसपी भुलत्थ करनैल सिंह, डीएसपी-डी परमिंदर सिंह और सीआईए कपूरथला इंचार्ज इंस्पेक्टर जरनैल सिंह मौजूद थे।