फरीदकोट में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव भाणा में एक और अवैध नशा मुक्ति केंद्र पकड़ा है। छापेमारी से पहले ही केंद्र के संचालक और मरीज फरार हो गए। फ्री टू फ्लाई नाम की संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस केंद्र का संचालक मुक्तसर का रहने वाला है। उसके पास केंद्र चलाने का कोई लाइसेंस नहीं था। डीएसपी त्रिलोचन सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद थी। टीम में एसएमओ डॉ. परमजीत सिंह बराड़, ड्यूटी मजिस्ट्रेट कम नायब तहसीलदार हर्षवीर गोयल और मनोचिकित्सक डॉ. कपिल शर्मा शामिल थे। जांच में केंद्र से डोप टेस्ट किट समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। डीएसपी के अनुसार केंद्र में करीब 40 लोगों को रखने की व्यवस्था थी। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी फरीदकोट जिले में 4 अवैध नशा मुक्ति केंद्र पकड़े जा चुके हैं।