फगवाड़ा में लगातार तीन दिनों से गहरी धुंध पड़ रही है। ब्रहस्पतिवार को तो पूरा दिन घनी धुंध छाई रही जिस कारण पूरा दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। बल्कि शाम छः बजे तो अचानक आसमान से भारी धुंध गिरने से विजिबिलिटी शून्य हो गई थी। इस कारण जहां सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई वहीं ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। कई ट्रेनों को रेलवे की ओर से रद्द भी कर दिया गया है। फगवाड़ा में ब्रहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तो अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते कोहरे में राहत मिलने की संभावना नहीं है तथा ठंडी हवाएं भी इसी तरह चलती रहेंगी। साथ ही, मौसम भी इसी तरह से खुश्क ही बना रहेगा। वहीं जनवरी में पड़ने वाला कोहरा दिसंबर में ही शुरू हो गया है। सुबह- शाम घनी धुंध और कोहरा जारी है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल व जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।