पंजाब भर में वकीलों ने 21 फरवरी से 27 फरवरी तक नो वर्क का ऐलान किया है। जिसके चलते फगवाड़ा कोर्ट में आज कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बार एसोसिएशन फगवाड़ा की मुख्य सचिव एडवोकेट धनदीप कौर तथा एडवोकेट चंद्र शेखर ने बताया कि वकीलों ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर यह कदम उठाया है। जिसमें अपराधियों को आसानी से जमानत मिलना, ग्राम पुलिस व्यवस्था और फैक्टर एक्शन प्लान केस शामिल हैं। वकीलों का कहना है कि राज्य में लूटपाट और चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। आम नागरिकों को कोर्ट से जमानत मिलना मुश्किल हो गया है, जबकि लुटेरों और चोरों को आसानी से जमानत मिल जाती है। बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट रविंदर शर्मा नीटा ने बताया कि पुलिस द्वारा चोरों के पकड़े जाने पर उन्हें सरकारी नीति के तहत मुफ्त कानूनी सहायता और जमानत मिल जाती है। वकीलों ने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों की जमानत के पैसों का भी इंतजाम करती है। जिससे अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है क्योंकि अपराधियों को पता है कि सरकार उन्हें बचा लेगी। इन्हीं तीनों मुद्दों को लागू न किए जाने के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है।