पटियाला के गांव खेड़ी गांडिया में घरेलू विवाद के चलते ससुराल वालों की तरफ से बहू की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 30 साल की रमनदीप कौर के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के शाहाबाद की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक करीब 10 साल पहले रमनदीप कौर का विवाह पटियाला के गांव खेड़ी गांडिया के रहने वाले गुरमीत सिंह के साथ हुआ था। इस शादी से दोनों की दो बेटियां भी है। इनमें से एक ही आयु 8 साल और दूसरी की 5 साल है। पुलिस के मुताबिक दोनों पति-पत्नी में अक्सर छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा लगा रहता था। इसी झगड़े के दौरान बीती रात ससुराल परिवार ने बहू की रॉड मारकर निर्मम हत्या कर दी। पटियाला के गांव कौली की रहने वाली मृतका की बुआ हरजिंदर कौर ने बताया कि जब काफी देर तक भतीजी ने फोन नहीं उठाया तो उसे शक हुआ। पुलिस ने मृतका के पति गुरमीत सिंह, ससुर हाकम सिंह, सास जरनैल कौर समेत चार लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।