हलवारा के मुल्लांपुर में खेतों के ट्रांसफार्मर और ट्यूबवेल आदि से बिजली के तार चोरी करने वाले आरोपी युवक को लोगों ने पकड़ कर उसका जुलूस निकाला। रस्सी से उसके हाथ बांधकर सरे बाजार घुमाया। लोगों ने उसकी पिटाई भी की। किसानों ने तुरंत थाना दाखा में फोन कर पुलिस को मौके पर भेजने की मांग की, लेकिन फोन उठाने वाले पुलिस मुलाजिम ने थाने में कोई वाहन ना होने का बहाना बना पकड़े गए युवक को थाने लेकर आने का फरमान सुना दिया। इस जवाब से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग आरोपी युवक को रस्सी से बांधकर मुख्य बाजार से जुलूस निकालते हुए मुख्य चौक तक ले गए और धरना देकर यातायात ठप कर दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बात कर मामला शांत करवाया। वहीं आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।