लुधियाना के सग्गू चौक के समीप पिछले पांच दिनों से धंसी सड़क को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर समाजसेवी कुमार गौरव उर्फ सच्चा यादव ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क धंसने के बावजूद नगर निगम के अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। कुमार गौरव ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धंसी सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।