पंजाब में नशे के मुद्दे पर सरकार और पुलिस लगातार सवालों के घेरे में हैं। ऐसे में अब लुधियाना देहात पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है। अब पुलिस की कार्रवाई केवल नशा तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांवों में उन सुनसान स्थानों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी, जहां नशेड़ी अक्सर इकट्ठा होकर नशा करते हैं। पुलिस ने जगराओं क्षेत्र के गांवों में श्मशान घाटों, खाली प्लॉटों और अन्य सुनसान सार्वजनिक स्थानों को चिह्नित कर वहां नियमित पेट्रोलिंग करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी तैयारी है। इसी मुहिम के तहत लुधियाना देहात के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, एसपी राजन शर्मा, जगराओं के डीएसपी जसविंदर सिंह ढींडसा और रायकोट के डीएसपी ने गांव बुर्ज हरि सिंह और काउंके कलां का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान नशे की रोकथाम, नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के इलाज और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया गया।