स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लुधियाना की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पंजाब पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। शहर के बार्डर एरिया से लेकर अंदरुनी इलाकों तक कड़े पहरे के बीच पुलिस मुख्यालय के उच्च अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर कमान संभाल ली है। एडीजीपी (सुरक्षा) काैस्तुभ शर्मा ने लुधियाना पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्ता की जमीनी हकीकत का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने थानों के कामकाज से लेकर सीमाओं पर बने जांच केंद्रों तक का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एडीजीपी काैस्तुभ शर्मा ने स्पष्ट किया कि डीजीपी के स्पष्ट निर्देशों के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अलग-अलग जिलों में जाकर सुरक्षा इंतेजामों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशीलता वाले इलाकों में लगातार गश्त बढ़ाई गई है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को विफल करने के लिए पुलिस पूरी तरह से स्तर्क है।