जगरांव के डिस्पोज़ल रोड पर खड़े कूड़े के पहाड़ों को हटाने की मांग को लेकर पिछले 18 दिन से जारी धरने के बावजूद प्रशासन की नींद न टूटने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सोमवार को नगर काउंसिल दफ्तर के मुख्य गेट के बाहर धरना लगा दिया और आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया। धरने के चलते काम करवाने आए कई लोग कार्यालय के अंदर ही फंस गए। धरनार्थियों ने नगर काउंसिल और संबंधित अधिकारियों व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अगवाड़ ख्वाजा बाजू के सरपंच बलजिंदर सिंह ने बताया कि कूड़ा हटवाने के लिए सड़क को दोनों ओर से बंद किया गया था। उनके अनुसार दूसरे दिन अधिकारियों ने आश्वासन देकर एक तरफ का रास्ता खुलवा दिया। तीसरे दिन स्कूली बच्चों के लिए रास्ता खोला गया। चौथे दिन कुछ ट्रालियां उठाकर धरना खत्म करवाने का ड्रामा किया गया। जितना कूड़ा उठाया जाता, उससे अधिक नगर में इकट्ठा कर फिर वहीं फेंक दिया जाता।