मुल्लांपुर-रायकोट रोड स्थित कस्बा सुधार बाजार के हिंदुस्तान पेट्रोलियम पंप के सामने हिट एंड रन का मामला सामने आया है | मुल्लांपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछल कर 15 फीट दूर गिरे। दोनों बाइक समेत रायकोट सदर थाना प्रभारी की स्कॉर्पियो जीप के नीचे जाकर फंस गये। सारी घटना मशहूर प्रॉपर्टी कारोबारी रॉयल रियल एस्टेट दफ्तर के सीसीटीवी में कैद हो गई है। दुर्घटना के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे कच्चे रास्ते पर उतर गई और वहां खड़े अन्य वाहनों से टकराने से बच गई। कार चालक घटनास्थल पर रुकने के बजाये रायकोट की तरफ तेज रफ्तार से फरार हो गया। रायकोट सदर थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने तुरंत अपनी टीम के साथ कार का पीछा भी किया लेकिन वो फरार होने में कामयाब हो गये। इस दुर्घटना में हलवारा के जसवीर सिंह और बलजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें वहां खडे़ लोगों ने अपने निजी वाहन में अस्पताल पहुंचाया।