जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार रात टिप्पर पर हुई फायरिंग की घटना को तेजी से सुलझाते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल, मैगजीन और एक जिंदा कारतूस के साथ वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद की है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के नेतृत्व में शहर को असामाजिक तत्वों से सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, डीसीपी जांच मनप्रीत सिंह, एडीसीपी जांच जयंत पुरी, एडीसीपी सिटी-2 परमजीत सिंह और एसीपी कैंट सरवनजीत सिंह की देखरेख में थाना सदर जमशेर की टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार थाना सदर बरबियां में बलजीत सिंह निवासी गांव सस्कोर, थाना नूरपुर बेदी, जिला रूपनगर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि टिप्पर चलाते समय उसकी स्कॉर्पियो कार से मामूली टक्कर हो गई, जिसके बाद कार चालक ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस ने इस मामले में हरमनप्रीत सिंह और लवप्रीत सिंह दोनों निवासी गांव दलम थन्ना, थाना राजासांसी, जिला अमृतसर को गिरफ्तार किया है। उधर, भार्गो कैंप थाना क्षेत्र के मोहल्ला अमन नगर में कार पार्किंग को लेकर हुए झगड़े के संबंध में भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता मीत निवासी राज एन्क्लेव जालंधर के बयान पर आरोपियों के नाम दर्ज कर लिए गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।