फिल्लौर के पंडेरा मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मंगलवार रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। चोर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरों में जमकर तलाशी ली। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित मकान मालिक पूनम नैयर ने बताया कि घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फिल्लौर इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। घरों में सेंधमारी के अलावा दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लगातार हो रही वारदातों के कारण लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।