जालंधर के लाडोवाली रोड इलाके में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने दीवारों और दुकानों के बाहर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर चिपके हुए देखे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टर वहां लगाए गए, जहां दुकानों के बाहर कैमरे नहीं लगे थे। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह हरकत रात को की गई है। मंगलवार को पोस्टर नहीं लगे थे। बुधवार की रात या तड़के पोस्टर लगाए गए हैं। उनका कहना है कि यदि कोई दिन के समय पोस्टर लगाने की कोशिश करता तो उसे मौके पर ही रोक दिया जाता। लोगों के अनुसार, बाजार बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात शरारती तत्वों ने यह पोस्टर लगाए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ है।