जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर सीआईए स्टाफ और स्पेशल सेल की टीमों द्वारा की गई। स्पेशल सेल की टीम ने डिविजनल कमिश्नर कार्यालय के बाहर पार्किंग क्षेत्र में गश्त के दौरान एक युवक को संदिग्ध हालत में एक्टिवा पर बैठे देखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान दिमांशु उर्फ हिमांशु निवासी मुस्लिम कॉलोनी, जालंधर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी एक्टिवा की डिग्गी से 32 बोर की एक पिस्टल, मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सीआईए स्टाफ की टीम ने निखिल नाहर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन, 32 बोर पिस्टल, मैगजीन और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसी कार्रवाई के दौरान अभिषेक उर्फ साहिल उर्फ काली को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत थाना डिवीजन नंबर-7 में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में खुलासा, तीसरा साथी भी गिरफ्तार निखिल नाहर की पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने करण उर्फ गंजा को लेदर कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से गिरफ्तार किया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ी गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक दिमांशु उर्फ हिमांशु पर पहले से 2 और निखिल नाहर के खिलाफ 4 मामले दर्ज, जिनमें एक में वह भगोड़ा घोषित था। वहीं अभिषेक उर्फ काली के खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। करण उर्फ गंजा पर पहले से 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, हथियारों और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा।