फगवाड़ा के गुरु हरगोबिंद नगर में स्थित ब्लड बैंक में माता ठाकुर देवी एवं नानक चंद सेठी की मधुर स्मृति को समर्पित दांतों एवं जबड़ों का 471वां नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन ब्लड बैंक के प्रधान मलकीयत सिंह रघबोत्रा की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रोटरी इंटरनैशनल के पूर्व गवर्नर सतपाल सेठी तथा ब्लड बैंक के इंचार्ज हरबंस लाल ने संयुक्त रूप से किया। उपस्थित गणमान्योंं ने 7 जरूरतमंद लोगों को नए तैयार किए जबड़े वितरित करते हुए ब्लड बैंक द्वारा निरंतर किए जा रहे समाजसेवी कार्यों को प्रशंसनीय बताया। शिविर के दौरान सीएमसी लुधियाना से पहुंची 25 सदस्यीय विशेषज्ञ मोबाइल टीम ने लगभग 100 मरीजों के दांतों की जांच की। जरूरतमंदों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी प्रदान की गईं। इसके साथ ही नए जबड़े तैयार करने की आगामी प्रक्रिया भी पूर्ण की गई। कार्यक्रम में समाज सेवक रमन नेहरा, गुलाब सिंह ठाकुर, गुलशन कपूर, तारा चंद चुंबर, सुधा बेदी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।