ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग द्वारा पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित एक सम्मान समारोह ब्लॉक विकास एवं पंचायत अफसर लखविन्द्र कलेर के नेतृत्व में स्थानीय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। अपना कारोबार, अपनी पहचान शीर्षक के अन्तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजी मान, हल्का इंचार्ज फगवाड़ा उपस्थित हुए जबकि मुख्य वक्ताओं के रूप में गगनदीप सिंह डीपीएम, करणवीर कुमार बीपीएम, रीता कश्यप बीपीएम, साक्षी लद्दड़ एक्टिव वुमन कपूरथला के अलावा गुरदीप सिंह दीपा शामिल हुए। हल्का इंचार्ज हरजी मान ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रही हैं और सरकार द्वारा भी उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। पीआरपी फगवाड़ा अनुराधा ने बताया कि उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाओं को जोड़ा गया है और वे स्व-रोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करने के योग्य बनी हैं। अंत में आयोजकों की ओर से सभी गणमान्यों को सम्मानित करते हुए आभार प्रकट किया गया। इस अवसर बड़ी संख्या में महिलाएं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।