लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज जालंधर और होशियारपुर बंद का आह्वान किया गया। जालंधर में सुबह से रैनक बाजार, पटेल चौक समेत ज्यादातर बाजारों की दुकानें बंद हैं। मंडी फेंटनगंज भी बंद रही। कुछ बैंक बंद हैं, जबकि कुछ खुले हुए हैं। डीसी ऑफिस खुला है और शहर में चौराहों पर पुलिस तैनात की गई है। प्रदर्शनकारी भगवान वाल्मीकि चौक पर एकत्र होकर रैली के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक की ओर बढ़े और खुले बाजारों में दुकानों को बंद कराया। कंपनी बाग चौक समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ज्योति चौक पर एक एंबुलेंस जाम में फंस गई, जिसे कुछ देर बाद निकाल दिया गया।