जालंधर के माहला गांव के सबसे पुराने और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की गंभीर घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और घटना के लिए जिम्मेदार आरोपी को सफलतापूर्वक काबू कर लिया गया। एसएसपी विर्क ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इलाके में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। जालंधर ग्रामीण पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है और सांप्रदायिक सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।