पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत मोगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोगा सिटी साउथ पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर निगाहा रोड से एक महिला नशा तस्कर को 290 ग्राम हेरोइन और ₹10,500 नकद ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है।डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी महिला की पहचान नवप्रीत कौर निवासी इंदिरा कॉलोनी, मोगा के रूप में हुई है, जो नशा बेचने की आदी है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के अनुसार वह निगाहा रोड पर बाबे की जगह के पास खड़ी होकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थी।थाना सिटी साउथ के प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड कर महिला को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 290 ग्राम हेरोइन और ₹10,500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।महिला के खिलाफ थाना सिटी साउथ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को आरोपी को मोगा अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि पूछताछ में अन्य खुलासे किए जा सकें।