थाना सुजानपुर पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद कर महिला और पुरुष को काबू किया है। आरोपियों की पहचान विवेक भारद्वाज निवासी गांधी नगर (जम्मू) और अनीता कुमारी उर्फ बेबी निवासी फूल प्यारा के तौर पर हुई है। एएसआई बोध राज पुलिस पार्टी के साथ सरकारी गाड़ी में सवार होकर सुजानपुर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुजानपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की कार को एएसआई ने रुकने का इशारा किया। इस पर कार ड्राइवर ने गाड़ी को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। मुस्तैद पुलिस पार्टी ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की लिखित सहमति के बाद जब कार की गहनता से तलाशी ली, तो कार के डैशबोर्ड से एक काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। इस लिफाफे को खोलने पर उसके अंदर 6 छोटे लिफाफे मिले, जिनमें अफीम भरी हुई थी। पुलिस टीम ने मौके पर ही 'तफ्तीशी किट' के जरिए पदार्थ का परीक्षण किया, जिसमें अफीम होने की पुष्टि हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर लिफाफों समेत अफीम का कुल वजन 262 ग्राम पाया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अनीता देवी के खिलाफ पहले भी एक्साइज एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।