मोगा पुलिस ने 100 ग्राम हेरोइन व मोटरसाइकिल समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सुख अमृतपाल सिंह रंधावा ने बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली कि सिद्धांत चावरिया, प्रताप सिंह (निवासी मोगा) और राज कुमार (निवासी फरीदकोट) मिलकर हेरोइन बेचने का धंधा कर रहे हैं। यह तीनों मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड पर जीटी रोड से रतिया लिंक रोड की ओर जा रहे हैं और ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को मोटरसाइकिल समेत काबू किया। जांच के दौरान उनके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सिद्धांत चावरिया के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं, जबकि प्रताप सिंह पर एनडीपीएस का एक मामला दर्ज है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।