सारागढ़ी गुरुद्वारे के हैड ग्रंथी ने बताया कि छावनी स्थित सारागढ़ी गुरुद्वारे में सारागढ़ी दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुद्वारा में श्री गुरु ग्रंथ साहब का पाठ रखा गया। इसके बाद भोग डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 1897 में आज ही यह युद्ध ब्रिटिश भारतीय सेना की 36वीं सिख बटालियन के 21 सिख जवानों और दस हजार अफगानियों के बीच लड़ा गया था। अफगानियों ने उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (पाकिस्तान) पर हमला बोल दिया था। यह लोग गुलिस्तां किले पर कब्जा करना चाहते थे। किले के पास बनी सारागढ़ी सुरक्षा चौकी पर सिर्फ 21 जवान तैनात थे। इन वीर सैनिकों ने अफगान हमलावरों के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया और ये किले को बचाने में कामयाब रहे। युद्ध के अंत में सभी जवान शहीद हो गए। मरणोपरांत सभी शहीद सैनिकों को इंडियन मैरिट ऑफ ऑर्डर अवार्ड से सम्मानित किया गया। ब्रिटिश-एंग्लो सेना व अफगान सेना के बीच लड़ी यह लड़ाई 'बैटल ऑफ सारागढ़ी' के नाम से मशहूर है।