खन्ना नेशनल हाइवे पर सुबह सुबह बड़ा हादसा हो गया। लुधियाना से पटियाला जा रही सवारियों से भरी पीआरटीसी बस को ट्राले ने रॉन्ग साइड आकर सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए लेकिन गनीमत रही कि जानी नुकसान से बचाव रहा। हादसे में करीब 25 घायल हुए है, जिनमें ज्यादातर स्टूडेंट्स और महिलाएं शामिल हैं। घायलों को खन्ना के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। हादसे में बस का ड्राइवर भी गंभीर घायल हो गया है। ड्राइवर दलजीत सिंह, कंडक्टर हरसिमरन सिंह ने बताया कि वह लुधियाना से सवारियों को भरकर पटियाला जा रहे थे। बस में 40 के करीब स्टूडेंट्स और महिलाओं समेत अन्य सवारियां थी। बस खन्ना से थोड़ी दूर ही गई थी कि गलत दिशा से आए ट्राले ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि हादसा ट्राला चालक की गलती से हुआ है।