एडीजीपी शिवे कुमार बर्मा के नेतृत्व में मोगा के एसएसपी अजय गांधी की अगुवाई में मंगलवार सुबह जिले के विभिन्न ड्रग हॉट स्पॉट इलाकों में ऑपरेशन कासो चलाया गया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस सर्च ऑपरेशन में डीएसपी, थाना सिटी और थाना सिटी साउथ के एसएचओ सहित 200 से अधिक पुलिस कर्मी शामिल रहे। इस दौरान पुलिस ने 40 संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और उनके संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा करीब 20 संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई है। एडीजीपी शिवे कुमार बर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब पुलिस अब किसी भी नशा तस्कर को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि मोगा के इंद्रा कॉलोनी क्षेत्र में नशा तस्करों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें कई अहम सुराग और सफलता मोगा पुलिस को मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मोगा पुलिस ने कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा कई युवाओं को नशा छुड़ाओ केंद्रों में भर्ती करवाया गया और कुछ को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए गए हैं।