पंजाब सरकार की "नशा मुक्त पंजाब" मुहिम के तहत शनिवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक मोगा और बाघापुराना पुलिस की ओर से दोनों सब डिविजन में विशेष CASO अभियान चलाया गया। मोगा में यह ऑपरेशन डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह, एसएचओ बरुण कुमार (थाना सिटी), एसएचओ गुरसेवक सिंह (थाना सदर), और एसएचओ कुलजिंदर सिंह सेखो (सिटी साउथ ) की अगुवाई में करीब 150 पुलिस कर्मियों के साथ इंद्रा कॉलोनी और साधा बाला बस्ती में चलाया गया। इस दौरान करीब 20 संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई और कई संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई। दूसरी ओर, बाघापुराना में डीएसपी दलबीर सिंह और एसएचओ जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में 150 पुलिस कर्मियों की टीम ने गांव दल्लूवाला, थराज, चन्नूवाला, बुध सिंह वाला और महंत वाला मोहल्ला में सघन घेराबंदी करते हुए करीब 30 संदिग्ध घरों की तलाशी ली तथा कई संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई।डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह और डीएसपी बाघापुराना दलबीर सिंह ने बताया कि यह अभियान मोगा एसएसपी के दिशा-निर्देशों पर चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य मोगा जिले को नशा मुक्त बनाना और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही करना है।मोगा पुलिस की और से आम जनता से अपील है कि यदि किसी को नशा तस्करी या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी हो, तो मोगा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 96568-96568 या सेफ पंजाब हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर तुरंत संपर्क करें।आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।