गुरुहरसहाए के गांव पिंडी में व्यक्ति द्वारा मजदूरी मांगने पर आरोपी ने कस्सी से वारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसके पांव पर गहरी चोट लगी है। उसे जख्मी हालत में रेहड़ी पर लादकर अस्पताल में दाखिल कराया है। उधर, पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित निहाल चंद वासी गांव मोती वाले ने बताया कि वह रेहड़ी चलाने का काम करता है। उससे आरोपी व्यक्ति ने उसकी रेहड़ी पर सामान लादकर गांव पिंडी जाने की बात कही। सामान पहुंचाने का तीन हजार रुपये तय हुआ। जब सारा सामान उसके घर पहुंचा दिया तो उसने तीन हजार की बजाए दो हजार रुपये दिए। जब उससे बाकी की रकम मांगी तो कस्सी उठाकर उसके पांव पर वार किया। उसके पांव पर गहरी चोट लगी है। खून से लथपथ उसे रेहड़ी के जरिए अस्पताल पहुंचाया। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसे इंसाफ दिलाया जाए। अब तो कई माह तक मजदूरी भी नहीं कर सकता हूं।